देहरादून। एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड कॉमर्स ने फाइनेंशियल प्लानिंग स्टैंडर्ड्स बोर्ड लिमिटेड की भारतीय सहायक कंपनी एफपीएसबी इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य पात्र छात्रों को उनके नियमित शैक्षणिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ सर्टिफाइड फाइनेंशियल प्लानर सर्टिफिकेशन हासिल करने का मार्ग प्रशस्त करना है। यह साझेदारी छात्रों को वित्तीय नियोजन और धन प्रबंधन (वेल्थ मैनेजमेंट) में वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त शिक्षा और पेशेवर दक्षता प्रदान करेगी, जिससे वे वित्तीय सेवा क्षेत्र में शानदार करियर के लिए तैयार हो सकेंगे।
यह साझेदारी ऐसे समय में हुई है जब भारत का वित्तीय तंत्र तेजी से विस्तार कर रहा है। देश में औपचारिक वित्तीय सेवाओं तक पहुंच, निवेश उत्पादों में घरेलू भागीदारी और पेशेवर वित्तीय सलाह की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है। भारतीय रिजर्व बैंक के श्वित्तीय समावेशन सूचकांकश् के अनुसार, मार्च 2026 में भारत का वित्तीय समावेशन स्कोर बढ़कर 70.0 हो गया, जो वित्तीय सेवाओं की पहुंच, उपयोग और गुणवत्ता में निरंतर प्रगति को दर्शाता है। सर्टिफाइड फाइनेंशियल प्लानर सर्टिफिकेशन को विश्व स्तर पर पेशेवर वित्तीय नियोजन के मानक के रूप में जाना जाता है। यह वित्तीय नियोजन में उच्च ज्ञान, क्षमता और नैतिक प्रथाओं का प्रतीक है। इसके पाठ्यक्रम में निवेश नियोजन, सेवानिवृत्ति नियोजन (रिटायरमेंट प्लानिंग), कराधान (टैक्सेशन), जोखिम प्रबंधन और एस्टेट प्लानिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। इसके माध्यम से वित्तीय पेशेवर ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यापक और सटीक वित्तीय समाधान प्रदान करने में सक्षम होते हैं।