देहरादून। भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश नेतृत्व की महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी के चुनावी दृष्टि से आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जिसमें तय किया गया कि डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का रिपोटी कार्ड प्रस्तुत करने के साथ कांग्रेसी डबल स्टैंडर्ड और झूठ की पोल भी खोलेगी। पार्टी विकास एवं जनकल्याण की सकारात्मक राजनीति से चुनाव में जीत की हैट्रिक लगायेगी।
प्रदेश मीडिया प्रभारी श्रीमनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक बीजापुर गेस्ट हाउस में प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री राम माधव के नेतृत्व में संपन्न हुई। जिसमें प्रदेश सह प्रभारी श्री अरविंद मेनन श्रीमती बांसुरी स्वराज, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री फणींद्रनाथ शर्मा प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार, श्रीमती दीप्ति रावत, श्री तरुण बसल मौजूद रहे । बैठक में पार्टी के वर्तमान में संचालित सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ उन्हें और बेहतर स्वरूप में करने पर विचार किया गया। इसके अतिरिक्त वर्तमान एवं आगामी कार्यक्रमों को चुनावी राजनीति की दृष्टि अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में तय किया गया कि पार्टी केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास एवं जन कल्याणकारी कार्यों की जानकारी घर घर पहुंचाने एवं जनता से आशीर्वाद मांगने का कार्य प्प्राथमिकता से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विपक्ष के लगातार झूठे नैरेटिव फैलाने की कोशिशों का मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। पार्टी अपनी सरकार के कार्यों एवं संगठन के प्रयासों की सच्चाई जनता के सम्मुख प्रस्तुत करेगी और विपक्ष के हर झूठ का पर्दाफाश करेगी। सौ बार झूठ बोलकर उसे सच के स्थापित करने की कांग्रेसी रणनीति का जवाब भाजपा भी एक सौ एक बार सच का अनुभव कराकर देगी। साथ ही विपक्ष के दागदार चेहरे को सामने लाकर कांग्रेस का सच से सामना कराया जायेगा।
बैठक में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा निर्धारित रणनीति के आधार पर सर्वसम्मति से तय किया गया कि भाजपा विकास एवं जनकल्याण के मुद्दों पर चुनाव में जाएगी । और पर सकारात्मक राजनीति करते हुए लगातार तीसरी बार जनता का विश्वास प्रदेश को विकसित बनाने के लिए हासिल करेगी।