राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित की गई परेड

देहरादून: शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में पुलिस लाइन, देहरादून में एकता दिवस परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिदेशक ने प्रतिभाग किया ।
समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड महोदय द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के द्वारा राष्ट्र की एकता के लिए दिए गए योगदान को याद करते हुए उनसे सीख लेने तथा उनके आदर्शों पर चलकर देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए उपस्थित पुलिस अधिकारियो/कर्मचारियों को प्रेरित किया गया। पुलिस महानिदेशक द्वारा उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र के लिए नामित 48 पुलिस अफसरों, कर्मचारियों को पुलिस डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक (लायन एंड ऑर्डर), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना/सुरक्षा सहित अन्य पुलिस अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित रहे।