देहरादून : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं द्वारा “अंकिता भंडारी के हत्यारों को फांसी दो” की सजा दिए जाने की मांग को लेकर अपने कचहरी गांधी रोड स्थित कार्यालय से परेड ग्राउंड की ओर कूच किया गया I यूकेडी के कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय से कुछ आगे की ओर पहुंचे ही थे, तभी पुलिस ने बेरीकेटिंग लगाकर उनको वहीं पर रोक दिया I लेकिन कार्यकर्ता इस बैरिकेडिंग को धकेलते हुए आगे निकल पड़े और नगर निगम कार्यालय के गेट के पास जा पहुंचे I पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी धक्का मुक्की हुई और पुलिस ने भी काफी प्रयास कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका, लेकिन पुलिस बल कम होने के के कारण आक्रोश में डूबे कार्यकर्ता सेंट थॉमस के नजदीक तक जा पहुंचे I इस दौरान पुलिस के हाथ-पांव और भी अधिक फूल चुके थे, लेकिन काफी मशक्कत के बाद आखिरकार कार्यकर्ताओं को वहीं पर रोक लिया गया और उनकी गिरफ्तारी कर ली गई I पुलिस ने दल की एक पदाधिकारी प्रमिला रावत को एसएसपी कार्यालय के पास ही गिरफ्तार कर लिया था I