विश्वकर्मा दिवस पर यूपीसीएल के एमडी ने पूजा-अर्चना कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

देहरादून। विश्वकर्मा पूजा के शुभ अवसर पर प्रेमनगर स्थित मोहनपुर विद्युत सब स्टेशन परिसर में पूजा-अर्चना एवं सुरक्षा किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी, निदेशक (वितरण एवं परियोजना) एमआर आर्य तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज की।इस अवसर पर प्रबंध निदेशक श्री ध्यानी द्वारा मोहनपुर सब स्टेशन में कार्यरत लाइन कार्मिकों को सुरक्षा किट वितरित की गईं। साथ ही, उन्होंने सेंसर-आधारित अलार्मयुक्त सुरक्षा हेलमेट तथा एलटी, 11 केवी एवं 33 केवी विद्युत तंत्र पर कार्य हेतु पॉकेट-साइज सुरक्षा उपकरणों के व्यावहारिक प्रदर्शन का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक ने “सुरक्षा सर्वोपरि” के सिद्धांत पर विशेष बल देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रत्येक विद्युत कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन और सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेशन को घाटे से उबारने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं और यह सब मिल जुलकर ही किया जाएगा, तत्पश्चात एमडी ध्यानी ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया और उत्तराखंड राज्य को विकास की दिशा में आगे ले जाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मोहनपुर विद्युत सब स्टेशन के अधिशासी अभियंता अरविन्द कुमार, पिटकुल के अधिकारी इंजीनियर पंकज चैहान आदि कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर,विश्वकर्मा दिवस के पावन अवसर पर यूपीसीएल के मुख्यालय में भी विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रबन्ध निदेशक यूपीसीएल पीसी ध्यानी ने पूजा-अर्चना में सम्मिलित होकर भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया तथा निगम की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं निर्बाध विद्युत व्यवस्था के लिए प्रार्थना की। उन्होंने विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण एवं तकनीकी कौशल का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि विद्युत क्षेत्र में कार्यरत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी तकनीकी दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ-साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन भी आवश्यक है। इस अवसर पर उन्होंने निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। पूजा-अर्चना के दौरान निगम के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान विश्वकर्मा से निगम की निरंतर प्रगति, प्रदेश वासियों की सुख-समृद्धि तथा विद्युत व्यवस्था के सुचारु संचालन की कामना की।