देहरादून : रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के रिश्ते, विश्वास और एक-दूसरे की सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। इसी भाव को सामाजिक जागरूकता से जोड़ते हुए पीआर 24×7 ने ‘रक्षा का धागा’ नाम से एक विशेष जागरूकता अभियान लांच किया है। अभियान के जरिए युवाओं को नशे और गलत संगत से दूर रहने तथा अपने सपनों और परिवार के भरोसे को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया है।
अभियान के तहत एक वीडियो संदेश जारी किया गया है जिसमें एक ऐसे युवा की स्थिति को दिखाया गया है, जो पढ़ाई के लिए घर से दूर रहते हुए गलत संगत और नशे की गिरफ्त में आ जाता है। पैसों की जरूरत पड़ने पर वह अपनी मां से झूठ बोलकर पैसे मांगता है। इसी दौरान उसे अपनी बहन के डॉक्टर बनने की सफलता की खबर मिलती है। बहन जब फोन पर खुद को डॉक्टर कहकर परिचित कराती है और भाई से कहती है कि उसे उस पर गर्व करना है, तो यह बात उसके मन को भीतर तक प्रभावित करती है।
इस अभियान को लेकर *पीआर 24×7 के फाउंडर अतुलमलिक राम * ने कहा, “रक्षाबंधन केवल राखी बांधने और उपहार देने का त्योहार नहीं है। यह एक-दूसरे के जीवन में सही दिशा देने और साथ खड़े रहने का अवसर भी है। ‘रक्षा का धागा’ के माध्यम से हमारा प्रयास है कि युवाओं तक यह संदेश पहुंचे कि नशा और गलत संगत उनके भविष्य और परिवार के सपनों को प्रभावित कर सकते हैं। कई बार अपनों का भरोसा और उनका सपना ही व्यक्ति को अपनी जिंदगी बदलने की ताकत देता है।”